महाविद्यालय ने धूमधाम से मनाया 19वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। ठाकुर सेन नेगी कॉलेज रिकांगपिओ ने वीरवार को 19वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में मनमोहक प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी। विद्यार्थियों ने किन्नौरी, पंजाबी, और उत्तराखंड के गीतों पर खूब धमाल मचाया। समारोह में बतौर मुख्यातिथि सहायक आयुक्त जिला किन्नौर विजय कुमार मौजूद रहे।मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का आगाज किया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना से की गई। प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता ने सभी मुख्यातिथियों का स्वागत किया और उनके समक्ष वार्षिक रिपोर्ट पेश की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखंड का लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद मुख्यातिथि ने अध्ययन, खेलकूद, एनएसएस, एनसीसी, रोवर एंड रेंजर्स सहित अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले छात्र और छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रोफेसर डाॅ. रामलाल नेगी, सेवानिवृत्त प्रोफेसर हरिचंद्र नेगी और पीटीए प्रधान गोपी चंद ने शिरकत की। इस मौके पर ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश कुमार,जिला आयुर्वेदिक अधिकारी इंदु शर्मा, महाप्रबंधक खनिज अधिकारी गुरु लाल नेगी सहित अन्य स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।