जीरा फार्म कूपा के पास दीवार निर्माण के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। पुलिस थाना सांगला के तहत कड़छम-सांगला सड़क के निर्माण कार्य में जुटे एक नेपाली मूल के मजदूर की गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को कड़छम-सांगला सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। सांगला के जीरा फार्म कूपा के पास मजदूर सड़क की दीवार के निर्माण का कार्य कर रहे थे। इस दौरान नेपाली मूल का मजदूर राजू तामांग (20) पुत्र छेरिंग तामांग निवासी गांव बरचेत, डाकघर त्रिशूली, जिला नवाकोट, नेपाल दीवार से नीचे जा गिरा। इस वह बुरी तरह से चोटिल हो गया। मजदूर उसे तुरंत मौके से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला लेकर गए। यहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस थाना सांगला में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की छानबीन में जुटी हुई है। वीरवार को शव पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि सड़क निर्माण में जुटे मजदूर की गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।