राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव में आयोजित की जाएगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। 30 अक्तूबर से 2 नवंबर 2023 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव में मिस किन्नौर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त एवं अध्यक्ष मेला समिति किन्नौर तोरुल एस रवीश ने बताया कि मिस किन्नौर प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागी की उम्र 15 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। प्रतिभागी की ऊंचाई 5 फीट 5 इंच और प्रतिभागी बोनोफाइड हिमाचली होना चाहिए। इसके अलावा प्रतिभागी अविवाहित होनी चाहिए। यह प्रतियोगिता निशुल्क रहेगी। प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्तूबर 2023 निर्धारित की गई है। प्रतिभागी को आवेदन प्राचार्य ठाकुर सेन नेगी महाविद्यालय रिकांगपिओ के कार्यालय में आकर जमा करवाना होगा। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से आवेदन दिया जा सकता है, जिसके लिए प्रतिभागी ई-मेल के माध्यम से आवेदन दे सकता है। प्रतियोगिता में कुल 4 राउंड में आयोजित की जाएगी। पहला परिचय दौर होगा, जिसमें प्रतिभागी को पारंपरिक वेशभूषा में परिचय देना पड़ेगा, जो कुल 1:30 घंटे का रहेगा। इस दौर में प्रतिभागी को कुल 2 मिनट परिचय के लिए मिलेंगे। दूसरा दौर कैट वॉक का होगा जो पहले दौर से चयनित प्रतिभागियों के बीच होगा तथा यह दौर कुल 2 घंटे का रहेगा। तीसरा दौर के लिए चयनित प्रतिभागियों के बीच प्रतिभा प्रदर्शन रहेगा। इसके लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 5 से 7 मिनट दिए जाएंगे इौर यह दौर 2 घंटे का रहेगा। अंतिम एवं चौथा दौर तीसरे दौर से चयनित हुए प्रतिभागियों के बीच होगा। इसमें प्रतिभागियों से सवाल किए जाएंगे जो कि किन्नौरी संस्कृति, मानवता दूरदर्शिता, उद्देश्य कुछ विषयों पर प्रतिभागियों का नजरिया मुद्दे विषय रहेंगे और प्रतिभागी को कुल 3 मिनट का समय दिया जाएगा। यह दौर भी 2 घंटे का रहेगा। किसी भी जानकारी के लिए 7018903118 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।