जिला खाद्य नियंत्रक ने टापरी और भावानगर में फल, सब्जी और किराना की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
विभाग ने कारोबारियों को मूल्य सूची प्रदर्शित करने और गली सड़ी सब्जियों को नष्ट करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के टापरी और भावानगर बाजार में मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने समेत अन्य अनियमितताओं को लेकर कारोबारियों पर जुर्माना लगाया है। निरीक्षक सीएल नेगी ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। इसके तहत दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं से 8,536 जुर्माना वसूला गया। उन्होंने फल सब्जी और किराना की दुकानों का औचक निरीक्षण किया और उन्हें नियमों के तहत वस्तुओं की बिक्री करने के निर्देश। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला किन्नौर के निरीक्षक चंदू लाल नेगी ने 20 से 23 अप्रैल तक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कल्पा ने भावानगर ने टापरी और भावानगर के बाजार में 15 फल एवं सब्जी विक्रेताओं, किराना विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला दंडाधिकारी जिला किन्नौर स्थित रिकांगपिओ की ओर से निर्धारित थोक परचून लाभांश एवं मूल्य सूची प्रदर्शन करने के संबंध में जांच की गई। इसमें आठ विक्रेताओं की ओर से मूल्य सूची प्रदर्शित न करने और निर्धारित लाभांश से अधिक विक्रय मूल्य वसूलने पर 66 किलो ग्राम फल सब्जी और खाद्यान्न जब्त कर 6,036 रुपये जुर्माना वसूला। इसके अतिरिक्त विभाग की ओर से हिमाचल प्रदेश जीव अनाशित कूड़ा कचरा अधिनियम 1995 के अंतर्गत परिसर में गली-सड़ी सब्जियों व कचरा पाए जाने पर भी उचित कार्रवाई की गई है। उन्होंने दुकानों का निरीक्षण करने के बाद अनियमितताएं पाए जाने पर पांच व्यापारियों से 2,500 रुपये जुर्माना वसूल किया। निरीक्षण के दौरान कुल 26 कारोबारी संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 13 व्यापारियों से अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 8,536 रुपये जुर्माना वसूला गया है। एसडीएम निचार बिमला वर्मा ने व्यापारियों को निर्देश जारी किए हैं कि गली-सड़ी फल और सब्जियों को अलग कर उचित माध्यम से नष्ट करना सुनिश्चित करें। भविष्य में भी इस प्रकार का निरीक्षण जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने पर इससे अधिक जुर्माना वसूला जाएगा।