466 ट्रांसफार्मर बंद, बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले में लगातार बारिश और हिमपात के चलते अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार देर रात से बिजली गुल हो गई है। इसके कारण जिले के लोगों को कड़ाके की ठंड में बिना बिजली के गुजारा करना पड़ रहा है। भारी बर्फबारी के कारण 466 ट्रांसफार्मर बंद है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी बर्फबारी में भी बिजली बहाल करने में जुटे हुए हैं लेकिन अधिक बर्फबारी होने से इन्हें बहाल करने में समय लग रहा है। वहीं अक्पा पूह के बीच 66केवी में तकनीकी खराब होने से पूह खंड की 27 पंचायतों और स्पीति काजा में शुक्रवार देर रात बिजली से बंद है। बिजली बोर्ड अधिशासी अभियंता टीसी नेगी ने बताया कि लाइनों में तकनीकी खराबी होने से बिजली आपूर्ति अवरुद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द जिले में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। आक्पा पूह के बीच 66केवी ट्रांसफार्मर बंद होने के कारण पूह खंड और स्पीति वैली में भी बिजली बंद है।