वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त किन्नौर अमित कुमार शर्मा ने ली बैठक
आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ स्थापित किया सीधा संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिलाधीश किन्नौर डाॅ. अमित कुमार शर्मा ने मंगलवार को एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना सम्मेलन कक्ष में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को लेकर बैठक ली। उन्होंने सीमावर्ती गांव में परियोजना के तहत अधोसंरचना विकास से पर्यटन सुविधाओं के विकास, सीमावर्ती गांव के लोगों की अर्थव्यवस्था में व्यापक सुधार और पर्यटकों को अनछुए पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त हो इस विषय पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने सीमावर्ती गांव में विकसित होने वाले पर्यटन स्थलों के लिए लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग को निर्देश दिए, जिससे आधारभूत ढांचे को विकसित किया जा सके और जनजातीय लोगों के हितों की रक्षा भी हो सके। इस दौरान जिलाधीश ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अधिकारियों से भी सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें विकासात्मक कार्यों में संबंधित पंचायत से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। सीमावर्ती पर्यटन स्थलों में संपर्क मार्गों, फुटब्रिज, तरल एवं ठोस कचरा प्रबंधन पर गहनता से विमर्श किया और आवश्यक निर्देश दिए। सहायक आयुक्त विजय कुमार ने बैठक का संचालन किया और उपायुक्त के समक्ष परियोजना का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।