जन्ममृत्यु, परिवार नकल और फार्म-5 सहित प्रमाणपत्र नहीं मिलने से लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी
ग्रामसभा न होने से बारिश, बाढ़ पीड़ित लोगों के घरों और खेतों की दीवारों के निर्माण के कार्य लटके
मोहन मेहता
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। जिला परिषद के तहत आने वाले कर्मचारियों पंचायत सचिवों के हड़ताल में जाने के कारण ज्यूरी, सराहन और दुर्गम क्षेत्र 15/20 सहित सभी पंचायतों में विकास कार्य ठप हैं। इस वजह से लोग जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र, परिवार नकल और फार्म पांच जैसे कई जरूरी कार्य के लिए पंचायत के चक्कर काट रहे हैं लेकिन पंचायत रिकाॅर्ड ताले में बंद होने के कारण लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत ज्यूरी की दो अक्तूबर को कोरम पूरा न होने से स्थगित ग्रामसभा मंगलवार को दूसरी बार भी कोरम पूरा न होने से पास नहीं हो पाई। प्रदेश पंचायतीराज विभाग ने दो अक्तूबर को कोरम पूरा न होने से स्थगित ग्रामसभा की 17 अक्तूबर को दोबारा से ग्रामसभा निर्धारित की गई थी। पंचायत सचिवों के हड़ताल में होने के कारण सिलाई अध्यापिका को पंचायत के कार्य देखने के लिखित आदेेश तो दिए हैं, लेकिन पंचायत रिकाॅर्ड उनको नहीं दिया है। इस कारण ज्यूरी पंचायत सहित कई पंचायतों में ग्रामसभाएं नहीं हो पाई। ज्यूरी पंचायत प्रधान तांपा देवी, सराहन पंचायत प्रधान अनु मेहता, जगोरी पंचायत प्रधान किशोरी लाल, क्याव पंचायत प्रधान उषा देवी, देवराज नेगी, सतपाल, राजेंद्र मेहता, प्रेम प्रकाश और शिव सिंह टोल्टा ने बताया पंचायत सचिवों के हड़ताल पर जाने से पंचायतों में विकास कार्य ठप हो गए हैं। आम लोगों को प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिस कारण मनरेगा सहित सभी विकास कार्यों की शेल्फ जैसे कोई भी कार्य नहीं हो पा रहे हैं। उधर, बीडीओ रामपुर शीला ठाकुर ने बताया कि सभी पंचायतों में पंचायत सचिव का कार्य सिलाई अध्यापिका देख रही हैं। सिलाई अध्यापिका को एक दिन की ट्रेनिंग भी दी गई है लेकिन पंचायत रिकार्ड सिलाई अध्यापिका को न दिए जाने के कारण अभी दिक्कतें पेश आ रही हैं।