प्रशिक्षण के बाद पंचायतों में नल जल मित्र के रूप में तैनाती को लेकर जताई चिंता
रामपुर में जलरक्षकों ने बैठक कर प्रदेश सरकार से उठाई मांग, एसडीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जल रक्षक संघ रामपुर ने विभिन्न ग्रामीण इलाकों में तैनात जल रक्षकों को नल जल मित्र प्रशिक्षण पर भेजने को लेकर एतराज जताया है। संघ ने सरकार के इस फैसले को जलरक्षकों के भविष्य के साथ न्यायोचित नहीं ठहराया है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है। जल रक्षकों को बारह वर्षों की अंशकालीन सेवाएं पूरी होने पर अनुबंध के तौर पर विभाग में पंप सहायक पद पर नियुक्त करने की नीति लागू न करने पर भी सवाल उठाए हैं। इस दौरान उन्होंने एसडीएम रामपुर निशांत तोमर के माध्यम से प्रदेश सरकार और जलशक्ति विभाग को ज्ञापन भेजा। खंड स्तरीय जल रक्षक संघ की बैठक सोमवार को रामपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान गोपाल चंद ने की। बैठक में जलरक्षकों ने समस्याओं पर मंथन करते हुए मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग, टुटीकंडी शिमला कार्यालय से जारी की गई अधिसूचना का विरोध जताया। इस अधिसूचना के तहत दसवीं और बारहवीं की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले जलरक्षकों को जल जीवन मिशन योजना के तहत तीन माह के नल जल मित्र प्रशिक्षण पर भेजने का फैसला लिया है, जिससे जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जल रक्षकों का भविष्य खतरे में आ गया है। जल रक्षकों को चिंता है कि नल जल प्रशिक्षण होने के बाद जलरक्षकों को विभाग से पंचायत के अधीन एकतरफा कर जल मित्र के तौर पर नियुक्त किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा जलरक्षकों को बारह वर्षों की अंशकालीन सेवाएं पूर्ण होने पर अनुबंध तौर पर जल शक्ति विभाग में पंप सहायक पद पर नियुक्त करने का प्रावधान है और इस नीति के तहत कई जल रक्षक नियमित भी हो गए हैं, तो फिर जल रक्षकों से ऐसा बर्ताव क्यों किया जा रहा है? जल रक्षकों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान और मानसिक परेशानी को देखते हुए हमें नल जल मित्र के प्रशिक्षण पर न भेजा जाए। संघ ने उपमुख्यमंत्री और मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग से पत्राचार कर भी जल रक्षकों को नल जल मित्र प्रशिक्षण पर न भेजने की मांग की है। इस मौके पर राजकुमार, मस्तराम, साहिल कौशल, धर्मपाल मल्होत्रा, रविंद्र सुनेल, संजीव कुमार, राकेश सिंह और मनोज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।