संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा में चल रहे बीवॉक वोकेशनल डिग्री प्रोग्राम के तहत शनिवार को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को बेहतर बनाने के लिए इंडक्शन प्रशिक्षण का आयोजन किया। इंडक्शन कार्यशाला में प्रदेशभर के चार महाविद्यालय संजौली, रामपुर, सरस्वतीनगर और सीमा के चालीस से अधिक वोकेशनल ट्रेनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सेंटम वर्क स्किल के डिविजनल मैनेजर शिव कुमार ने किया। इस मौके पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो हरीश संजटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय बीवॉक नोडल ऑफिसर प्रो. सुनील नेगी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक प्रशिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को कौशल के क्षेत्र में नवीनतम ज्ञान और कौशल के साथ संपन्न करना था। कार्यशाला में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की नई तकनीकी उपायों और शैलियों के बारे में समझाया गया। सेंटम वर्क स्किल के प्रबंधक शिव कुमार ने भी कार्यशाला में आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशाला व्यावसायिकता के क्षेत्र में नए कौशल सीखने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यशाला एक सशक्त, व्यावसायिक और कौशलमय शिक्षा प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण कदम है, जो विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उन्हें उच्च स्तरीय कौशल सेट प्रदान करने में सहायता करेगा।