रामपुर में पथ परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन में विभिन्न मुद्दों पर किया मंथन
वरिष्ठ पेंशनरों को न्यायालय की ओर से पारित आदेशानुसार दी जाए अतिरिक्त पेंशन : राजेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पथ परिवहन निगम के पेंशनरों के लंबित भत्ते एकमुश्त जारी की जाए। वहीं न्यायालय की ओर से पारित आदेशों के अनुसार वरिष्ठ पेंशनरों को अतिरिक्त पेंशन शीघ्र जारी की जाए। यह बात रामपुर में पथ परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन की बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कही। बैठक में कई ज्वलंत मुद्दों पर मंथन किया गया। बुधवार को पेंशनर्स कल्याण संगठन रामपुर और रिकांगपिओ इकाई की मासिक बैठक पथ परिवहन निगम की कार्यशाला के परिसर में आयोजित हुई। संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें पेंशनरों ने लंबित भत्तों का मामला जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि बैठक में न्यायालय की ओर से पारित आदेशानुसार 65,70 और 75 वर्ष पूर्ण करने वाले पेंशनरों को 5,10,15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन जारी करने के बारे में चर्चा की गई। पेंशनरों ने लंबित भत्तों को शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा बैठक में एक जनवरी, 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रिवाइज पेंशन के हिसाब से पेंशन को लेकर भी मंथन किया गया। इसमें राज्य सरकार के पेंशनर्स कर्मचारियों के हिसाब से एचआरटीसी के पेंशनरों को भी डीए एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई गई। बैठक में प्रीतम चौहान, रामकृष्ण ठाकुर, गोपाल चंद, अमरजीत राणा, प्रताप वर्मा, मित्रदेव गुप्ता, मीना राम, होशियार सिंह जिश्टू, मोती लाल नेगी, कर्म सिंह चौहान, कुमानंद और चूड़ा राम सहित अन्य मौजूद रहे।