घर के समय परिवार को कोई सदस्य नहीं था मौजूद, शार्ट सर्किट मानी जा रही आग लगने की वजह
अग्निकांड में पंद्रह कमरों का मकान और लाखों का सामान जला
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। तहसील टिक्कर के तहत पुजारली नंबर दो के कुपड़ी गांव में आग लगने से पंद्रह कमरों का मकान जलकर राख हो गया है। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। देर शाम तक ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब साढे पांच बजे ग्रामीणों ने कुपड़ी गांव के साथ बगीचे में बने कर्नल हरीश चौहान के घर में आग की लपटें उठती देखीं। आग लगने की सूचना के बाद ग्रामीण बचाव और राहत के लिए मौके पर पहुंचे। घर लकड़ी का होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका और कुछ की समय में पूरा घर और इसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवार के सभी सदस्य शिमला में रहते हैं। लोगों का मानना है कि आग लगने की वजह शार्ट सर्किट हो सकती है। पुलिस प्रशासन को घटना की देरी से सूचना मिलने के बाद टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि की है।