झिकनीपुल की घटना, पहले आग पर लोगों ने पाया काबू, हवाएं चलने से फिर भड़की
जंगल में लगी आग की चपेट में आया मकान, लाखों के नुकसान का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल की झिकनीपुल पंचायत के चंजाल पुल गांव में आग लगने से चार कमरों का दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। इसके अलावा अग्निकांड में पांच सौ फलदार पौधे भी आग की भेंट चढ़ गए। हालांकि लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था लेकिन इसके बाद तेज हवाएं चलने से आग फिर भड़क गई और पूरा मकान और बगीचा अपनी चपेट में ले लिया। यह मकान प्रताप सिंह पुत्र माइया का था। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है जब घर के साथ लगते जंगल में अचानक किसी कारणवश आग लग गई। इसके बाद आग सड़क के किनारे से फैलती हुई घर तक जा पहुंची। पुरानी मकान होने के कारण आग ने इसे अपने चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। इसके कुछ समय के बाद तेज हवाओं के कारण मकान में फिर आग भड़क गई और इसमें पूरा मकान जलकर राख हो गया। इसके आग में बगीचे में लगे पांच सौ विभिन्न फलदार पौधों के पेड़ भी जल गए हैं। इससे बागवान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बगीचे में सेब, नाशपाती और प्लम के पेड़ थे। प्रारंभिक तौर पर आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही पुलिस दल और राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने कहा कि प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। संबंधित पटवारी को नुकसान का आकलन के निर्देश दिए हैं।