उपचार के लिए 30 से 70 किलोमीटर दूर की लगानी पड़ रही दौड़, पद भरने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्ञाबुंग में बीते पांच माह से चिकित्सक का पद खाली चल रहा है। इसके कारण हजारों ग्रामीणों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में तीन पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को उपचार के लिए भी 30 से 70 किलोमीटर दूर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने सरकार और विभाग से बर्फबारी से पूर्व चिकित्सक का पद भरने की मांग उठाई है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके। गौर हो कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्ञाबुंग से ज्ञाबुंग पंचायत, सुन्नम और रोपा पंचायत के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होते हैं लेकिन बीते पांच माह से चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग प्रतिनियुक्ति के सहारे व्यवस्था चला रहा है। ग्रामीणों को उपचार के लिए ज्ञाबुंग से पूह के लिए 30 किलोमीटर और क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ के लिए 70 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे गरीब तबके के लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। भाजपा पूह मंडल अध्यक्ष सुभाष छोरेग्या, प्रधान ज्ञाबुंग पंचायत ज्ञान सिंह नेगी, जिला परिषद सदस्य बिमला नेगी, बीडीसी जयलक्ष्मी नेगी, प्रज्ञा सिंह नेगी, बुद्धि राम नेगी और हीरा सेन नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि चिकित्सक न होने से उपचार के लिए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से बर्फबारी से पहले रिक्त पद को भरने की मांग उठाई है। सीएमओ किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने कहा कि चिकित्सक को प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाता है। बर्फबारी में लोगों की समस्या को देखते हुए स्थायी चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।