पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने ली बैठक, 101 बूथ किए जाएंगे स्थापित
चौरा और अकपा में ट्रांजिट बूथ से वाहनों में आवाजाही करने वाले बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ ( किन्नौर) । जनजातीय जिला किन्नौर में 3 मार्च को होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए की पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए की गई तैयारियों की दोबारा जांच अवश्य करें, जिससे किसी भी प्रकार कोई कमी न रहे। इसके अलावा पल्स पोलियो अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित बनाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रह सके। उन्होंने कहा कि जिले में पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 4,859 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 101 बूथ स्थापित किए जाएंगे। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनिंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के स्वास्थ्य खंड कल्पा में 31, स्वास्थ्य खंड निचार में 36 और पूह में 34 बूथ स्थापित होंगे। डॉ. सुनिंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस कार्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक विभाग के अतिरिक्त 407 कर्मचारी भाग लेंगें। इसमें आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने चौरा और अक्पा में 2 ट्रांजिट बूथ भी स्थापित जाएगें। यहां बसों और अन्य वाहनों में आने वाले बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। 4 और 5 मार्च को ऐसे सभी बच्चे जो किसी कारणवश 3 मार्च को पोलियो बूथ पर नहीं पहुंच सके, उन्हें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगे।