मंत्री ने दुर्गा माता मंदिर न्यास की बैठक में की शिरकत, अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए एडीबी से बजट का किया जाएगा प्रावधान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा श्रीदुर्गा माता मंदिर परिसर हाटकोटी में नए निर्माण कार्य मास्टर प्लान के तहत किए जाएंगे। मंदिर न्यास में विभिन्न निर्माण के लिए पहले पर्याप्त भूमि और उसका सही चयन होना जरूरी है। मंदिर परिसर में बहुमंजिला पार्किंग ,भवन और अन्य निर्माण कार्य विकास में जन सहयोग सहित अन्य वित्तीय संसाधनों के माध्यम से पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। वह वीरवार को दुर्गा माता मंदिर न्यास की विशेष बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने मंत्री का स्वागत किया और बैठक का एजेंड़ा सदस्यों के सामने रखा। बैठक में प्रस्ताव रखा गया किया गया कि लंगर भवन के साथ अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलकर एडीबी के माध्यम धन के प्रावधान करने का आग्रह किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरा करके विधानसभा सत्र से पहले न्यास के सदस्य मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान माता के मुख्य मंदिर के जीर्णोद्धार पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने मंदिर के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि क्षेत्र के दिव्यांग पात्र लोगों के लिए मंदिर की ओर से व्हील चेयर की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर न्यास ने मंत्री के सामने प्रस्ताव रखा कि लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह को मंदिर न्यास को दिया जाए। मंदिर न्यास लोक निर्माण विभाग को उचित स्थान पर विश्राम गृह के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के लिए तैयार हैं। मंत्री ने न्यास की मांग पर इस मामले में पहल करने का आश्वासन दिया है। बैठक पब्बर के तट पर घाट के निर्माण, प्रस्तावित नई सराय भवन के निर्माण, सफाई कार्य को आउटसोर्स पर देने पर भी चर्चा की गई। बैठक में हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, मुख्य वास्तुकार एनके नेगी, नायब तहसीलदार सरस्वती नगर कुलदीप नेगी लोनिवि के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, जल शक्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी और न्यास के सभी सदस्य उपस्थित रहे।