ज्ञान-विज्ञान समिति ने बुशहर सांस्कृतिक मंच के सदस्यों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र में ऐतिहासिक सांस्कृतिक गतिविधियों और रीति-रिवाजों को बचाए रखने और बढ़ावा देने में बुशहर सांस्कृतिक मंच अहम भूमिका निभा रहा है। मंच के सदस्यों को जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से बुधवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें सदस्यों को विस्तार से विभिन्न विषयों के बारे में जागरूक किया गया। बुधवार को रामपुर स्थित हनुमान घाट मंदिर परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष आत्मा राम केदारटा ने की। बैठक में प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति के प्रदेश सचिव सत्यवान पुंडीर, जिला सचिव नवीन शर्मा ने सांस्कृतिक मंच के समस्त सदस्यों को कृषि विज्ञान, स्वास्थ्य, रीति रिवाज, शिक्षा, नशा निवारण, लोक संस्कृति, जल, जमीन और जंगल के मसलों और खानपान के बारे में विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही भविष्य में इन विषयों को लेकर प्रदेश के हर खंड स्तर पर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है। अध्यक्ष आत्माराम केदारटा ने बताया कि मंच उपरोक्त सभी विषयों को लेकर समय-समय पर जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण बीते कुछ वर्षों में इस ओर कोई कार्य और कार्यक्रम नहीं हो पाए हैं। आने वाले दिनों में रामपुर उपमंडल के ग्रामीण इलाकों में इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस मौके पर मंच के महासचिव भद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।