52 किलोभार वर्ग में प्रदेशभर के बॉक्सरों को दी शिकस्त, सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर का खिताब जीता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर में आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-19 मेजर गेम्स में पद्म छात्र स्कूल रामपुर के ईशान ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर शिमला जिले और रामपुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ईशान ने प्रदेशभर के स्कूलों से आए बॉक्सरों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 52 किलोग्राम भार वर्ग में ईशान ने फाइनल मुकाबले में साई हॉस्टल के सागर को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भी ईशान ठाकुर ने ओपन बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में ईशान ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर के खिताब से भी नवाजा गया। ईशान की उपलब्धि से रामपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है, वहीं ईशान के गृह क्षेत्र कुंगल बाल्टी ननखड़ी में भी ग्रामीणों में खासी खुशी है। ईशान ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता अजय ठाकुर, माता विजयराज, कोच शम्मी नेगी और सुभद्रा सहित बुशहर बॉक्सिंग क्लब को दिया है। पद्म छात्र स्कूल के प्रधानाचार्य आरसी गुप्ता ने छात्र ईशान की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।