तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान, प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को दी पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी विकास खंड की बगलती पंचायत के मोहली गांव में सोमवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। इस घटना में मकान के दो कमरे आग की भेंट चढ़ गए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ननखड़ी तहसील की बगलती पंचायत के मोहली गांव में एक रिहायशी मकान की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। मकान से उठते धुएं को देखते हुए ग्रामीण एकत्रित हुए और आग पर काबू पाने में जुट गए। तीन मंजिला मकान के छह कमरों में विनोद कुमार और प्रवीण कुमार पुत्र रूप लाल अपने परिवार के साथ रह रहे थे। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि ग्रामीण मकान के सबसे ऊपर के दो कमरों को जलने से नहीं बचा पाए। आग की इस घटना में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और छानबीन में जुट गया। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आग लगने के कारणों की छानबीन में जुटी है। वहीं राजस्व विभाग ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत राशि जारी है। तहसीलदार ननखड़ी गुरमीत नेगी ने बताया कि बगलती पंचायत में एक तीन मंजिला मकान में आग लगने की घटना सामने आई है। इस मकान में दो भाइयों के परिवार रह रहे थे। घटना में करीब तीन लाख रुपये नुकसान का आकलन है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को पांच- पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।