जिले के स्कूलों में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन, प्रतियोगिताओं से दिया पौधे रोपने का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में वीरवार को पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की एनएसएस, एनसीसी और ईको क्लब के विद्यार्थियों ने लोगों को जागरूक करके लिए रैली निकाली। स्कूल के विद्यार्थियों ने खाली पड़ी भूमि पर देवदार के पौधे भी रोपे। प्रधानाचार्य जगजीवन पॉल शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। वहीं, केंद्र प्राथमिक पाठशाला ज्यूरी और ज्यूरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने विश्व पर्यावरण दिवस हर्षोल्लास से मनाया। दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों ने ज्यूरी बाजार में रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। नारा लेखन में जेपीएस की तानवी, धनिष्का, सुनिधि और मन्नत ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में संजू, अनुष्का और रिद्धि ने दूसरा, आर्यन और चारुल ने तीसरा स्थान पाया। प्राथमिक केंद्र की मुख्य केंद्र शिक्षक धर्म चौहान, जेपीएस की प्रधानाचार्य कृष्णा नेगी, शेर सिंह ठाकुर और सुंदर खोजान सहित अन्य मौजूद रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारकंडा में पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना और ईको क्लब के विद्यार्थियों सहित अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बाजार में जन चेतना रैली निकाली। विद्यार्थियों ने पर्यावरण के संरक्षण की शपथ लेकर परिसर में सफाई अभियान भी चलाया। इस दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दयानंद सदन प्रथम, विवेकानंद और सुभाष सदन संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहा। भाषण प्रतियोगिता में अनुष्का प्रथम और जाह्नवी द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य डॉ. हिमेंद्र बाली ने सम्मानित किया। इस मौके पर ईको क्लब प्रभारी सुजीता ठाकुर, यशपाल राजटा, बृजभूषण कैंथला, कांता कंवर, गोविंद वर्मा, रोशन चौहान, कामिनी कैंथला, रवि कैंथला, वीरेंद्र कुमार, दीप्ति ठाकुर और पूजा नेगी सहित अन्य मौजूद रहे। रामपुर पब्लिक स्कूल नोगली में विश्व पर्यावरण दिवस पर अध्यापकों और विद्यार्थियों ने जागरुकता रैली निकाली। स्कूल परिसर से नोगली बाजार में रैली निकाली। इस दौरान जन-जन को यह बताना है, पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना है, के नारों से नोगली बाजार गूंज उठा। इंटर हाउस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में डायमंड और सफायर हाउस ने प्रथम, रूबी और एमेरल्ड हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य डॉ. बीआर सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति और मनुष्य का आपस में गहरा नाता है। इसलिए पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। आर्य पब्लिक स्कूल खनेरी में भी विद्यार्थियों ने रैली निकालर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य विनोद अश्टू ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए विद्यार्थियों को पेड़-पौधे और पानी का महत्व बताते हुए कहा कि यह हमारे जीवन का आधार है। विद्यार्थियों ने वार्ड नंबर 9 में रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया और अधिक से अधिक पौधे रोपने का आह्वान किया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक चंद्रकांता अश्टू, रीता, लज्जा चौहान, शालू, ज्योति, विक्रांत शर्मा, नवनीत और यशोदा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।