संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। विद्युत संबंधी आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते आठ और नौ जून को रामपुर नगर परिषद और विभिन्न वार्डों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इन क्षेत्रों में सुबह दस से शाम चार बजे तक बिजली कट रहेगा। हालांकि इस दौरान महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से होगी। विद्युत बोर्ड रामपुर के सहायक अभियंता राजेश मुखिया ने बताया कि आठ जून शनिवार को 22 केवी उच्चताप लाइन खनेरी से रेवेन्यू कॉलोनी पिप्टी तक आवश्यक रख-रखाव और मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है। इस मरम्मत कार्य के पश्चात विद्युत आपूर्ति रामपुर में पहले से बेहतर हो जाएगी। कार्य के चलते सुबह दस से शाम चार बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। रामपुर के खनेरी, रचोली, रोपडू, हलोग, चुहाबाग, नए बस अड्डे और साथ लगते स्थानों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में विद्युत आपूर्ति दोनों दिन सुचारु रूप से चलती रहेगी। इस दौरान पिप्टी, कल्याणपुर, होटल नौ नभ के साथ लगते स्थान प्रभावित रहेंगे।