दिन में पांच से छह घंटे गुल हो रही बिजली, बार-बार कट लगने से ग्रामीणों को झेलनी पड़ रही परेशानियां
जिला प्रशासन और विद्युत बोर्ड से स्थायी समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। पूह वैली की भारत तिब्बत सीमा से सटी कुन्नोचारंग पंचायत में विद्युत के अघोषित कटों से सैकड़ों लोग परेशान हैं। करीब एक सप्ताह से लगातार विद्युत के अघोषित कट लग रहे हैं। हालत यह है कि दिन में पांच से छह घंटे बिजली कट लगने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बार-बार लग रहे अघोषित कटों से करीब 400 ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। अघोषित कटों से जहां ग्रामीणों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं विद्यार्थियों को भी पढ़ाई करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान कुन्नोचारंग पंचायत निर्मला देवी नेगी, उपप्रधान सुशील कुमार नेगी, महिला मंडल कुन्नो अध्यक्षा राजकुमारी नेगी, रघुवीर सिंह नेगी, लक्ष्मी देवी नेगी, आलोक कुमार नेगी और दिनेश कुमार नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि रोजाना लग रहे अघोषित कटों से परेशानियां झेलनी पड़ रही है। विद्युत कटों से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और विद्यार्थियों को भी पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और विद्युत बोर्ड से जल्द विद्युत कटों से निजात दिलाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। विद्युत बोर्ड रिकांगपिओ के सहायक अभियंता सुशील नेगी ने कहा कि कुन्नोचारंग विद्युत लाइन में फॉल्ट आने की वजह से समस्या पेश आई थी, जिसे अब दुरूस्त कर दिया गया है।