रोहड़ू सर्किल के ठेकेदारों ने बैठक में लिया फैसला, बोले-उठाना पड़ रहा है घाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। बिजली बोर्ड के रोहड़ू सर्किल के ठेकेदारों की बैठक बुधवार को हुई। इसमें फैसला लिया कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया वह बिजली बोर्ड का कोई भी काम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा बोर्ड घाटे में उनसे काम करवाने के लिए दबाव बना रहा है। बैठक की अध्यक्षता रोहड़ू जोन के प्रधान चुनी लाल जिल्टा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऑफ लाइन टेंडर की सीमा को बढ़ाकर पहले की तरह पांच लाख किया जाए, जो अन्य विभागों में भी चल रही है। उन्होंने कहा बोर्ड ने इस बार आइटम रेट को 45 से 40 प्रतिशत कर दिया है जबकि बाजार में सामान के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस वजह से ठेकेदारों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने कहा कि काम करने के बाद बिलों का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। बैठक में प्रस्ताव पारित कर सभी ठेकेदारों ने इस पर कड़ा संज्ञान लेकर बिजली बोर्ड का हर कार्य बंद करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा हिमपात के दिनों तक अगर इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो सर्दियाें में ट्रांसफार्मर और लाइनों में बोर्ड का कोई ठेकेदार सहयोग नहीं करेगा। बैठक में रोहड़ू सर्किल के सभी मंडलों के ठेकेदार उपस्थित रहे।