शिक्षा मंत्री ने जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के बाघी में 90 लाख रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण
जनसमस्याएं सुनीं, समाधान के लिए अधिकारियों को जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के बाघी में 90 लाख रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कर रही और उपेक्षित और निर्धन वर्गों को इन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों का चार बार उनको विधायक बनाने पर आभार व्यक्त किया और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का आश्वासन दिया। उन्होंने बाघी में जमीन चयनित करने के बाद सामुदायिक केंद्र खोलने ओर सेब बहुल क्षेत्र में सीए स्टोर खोलने का आश्वासन भी दिया, जिससे बागवानों को लाभ मिल सके। मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाघी में शिक्षकों के खाली पदों को शीघ्र भरने का आश्वासन दिया, जिससे ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को घरद्वार पर गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध हो सके। इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कोट काली मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की और क्षेत्र में संपर्क मार्गों को सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों की दशा सुधरने से क्षेत्र में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। रोहित ठाकुर ने कहा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बागवानों के हितेषी है और लघु एवं सीमांत बागवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी दिशा में सेब के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 12 रुपये प्रति किलो किया गया है। उन्होंने रतनाड़ी पंचायत में एक करोड़ रुपये से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया और 40 लाख रुपये से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विकट वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद आपदा प्रभावित परिवारों को मानवीय दृष्टिकोण के तहत राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 4,500 करोड़ का राहत पैकेज जारी किया है और आपदा ग्रस्त परिवारों का धरातल पर दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने लघु एवं सीमांत बागवानों के कल्याण के लिए कीटनाशकों पर अनुदान प्रदान कर रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा मंत्री ने पंचायत घर में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने उबादेश क्षेत्र के लोगों को उनके अपार स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्टी के मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, पूर्व मंडल अध्यक्ष लायक राम ओस्टा, राज्य कृषि विकास बैंक के निदेशक देवेंद्र नेगी, एसडीएम राजीव सांख्यान, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, शेर सिंह शोबटा, पार्टी के पदाधिकारी, अधिकारी, कार्यकर्ता और कर्मचारी उपस्थित रहे।