इच्छुक अभ्यर्थी 20 जनवरी तक करें आवेदन, दसवीं पास रहेगी शैक्षणिक योग्यता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रचोली (रामपुर बुशहर) में निशुल्क अल्प अवधि के विभिन्न कोर्स करवाए जा रहे हैं। इससे कुशल कामगारों को प्रमाणपत्र उपलब्ध हो सकेंगे। नए कोर्स की अवधि 304 से 350 घंटे की रहेगी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य याकूब ने प्रेस को जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को लेकर आवेदन प्रपत्र प्रधानाचार्य कार्यालय में 10 से 20 जनवरी तक किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त किए जा सकते हैं। इन कोर्स के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष और दसवीं पास शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। 23 जनवरी को संस्थान में चयनित प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को स्वयं प्रमाण पत्रों सहित संस्थान में 23 को उपस्थित होना पड़ेगा। इसके लिए दसवीं कक्षा का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी और पासपोर्ट साइज के फोटो लाना अनिवार्य है।