अनुष्ठान में एक दर्जन देवताओं ने की शिरकत, शिखा पूजन की रस्म निभाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। छौहारा क्षेत्र के अंतर्गत धगोली गांव में देवता शेडकुड़िया महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में शिखा पूजन की मुख्य रस्म निभाई गई। इस दौरान देवता जाबल नाराण, रामणी नारायण, गोक्सी नारायण, देवता महादेव पुजारली, देवता शेडकुड़िया हांउचली, शैडकुड़िया गांवसारी, शेडकड़िया कुडवाणी, देवता पवासी कांथली, देवता पवासी मंगयारी और परशुराम गुम्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। शिखा पूजन की रस्म में लोक सभा सांसद प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने नवनिर्मित मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ में पूर्ण आहुति दी। मंडल पूजन के साथ-साथ शिखा पूजन की रस्म हुई। सोमवार दोपहर के बाद शिखा पूजन की रस्म मेहमान देवताओं की उपस्थिति में हुई। इस दौरान देवलु पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों पर नाचते रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देवताओं का मिलन और देवताओं के साथ देवलूओं का नृत्य रहा। शिखा पूजन की रस्म नवनिर्मित मंदिर की छत पर मंत्रोच्चारण के साथ की गई। इस दौरान सभी देवलूओं के लिए मंदिर कमेटी की ओर से धाम की व्यवस्था भी की गई थी। देवता के मोतमीन बालक राज शर्मा ने बताया कि शिखा पूजन की रस्म के साथ ही देवता शेडकुड़िया महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो गई है। अनुष्ठान को पूरा करने में सभी क्षेत्रवासियों ने पूरा सहयोग दिया। मंगलवार सात नवंबर को मेहमान देवताओं की विदाई का कार्यक्रम उछड़-पाछड़ की रस्म निभाई जाएगी। सभी ग्रामीणों के सहयोग से अनुष्ठान का सफल आयोजन किया गया है।