लूहरी जल विद्युत परियोजना स्थल में विश्व डेंगू दिवस का का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। स्वास्थ्य विभाग खंड रामपुर ने वीरवार को लुहरी जल विद्युत परियोजना स्थित नीरथ में विश्व डेंगू दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। रामपुर स्वास्थ्य खंड के स्वास्थ्य शिक्षक सुभाष चंद्र ने डेंगू की जानकारी देते हुए कहा कि यह एक संक्रामक रोग है, जो कि संक्रमित मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होता है। इसका संचार बरसात के दिनों में अधिक होता है और समाज को जागरूक करने के लिए इस दिवस को बरसात से पहले वर्ष 2016 के बाद प्रति वर्ष 16 मई को मनाया जाता है। डेंगू होने पर रक्त में मौजूद प्लेटलेट्स की कमी हो जाती है। इसमें 100 डिग्री से अधिक बुखार हो जाता है। इसके अलावा शरीर पर दाने निकलना, उल्टी एवं दस्त, नाक बहाना, खांसते समय और मल में खून आना लक्षण होते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इससे बचाव के लिए वातावरण साफ रखें। घर में कूलर, फूलदान, टूटे हुए बर्तन, टायर में पानी इकट्ठा न होने दें। उन्होंने बताया कि सूर्य उदय और सूर्य अस्त के समय इसका प्रकोप ज्यादा होता है। इसलिए अपने बदन पर ऐसे कपडे़ पहने, जिससे आपका शरीर को पूरी तरह ढका रहे। अधिक बुखार होने पर पैरासिटामोल की गोली ले सकते हैं और डॉक्टर की सलाह लेकर कर रक्त जांच करवाएं। डेंगू से सबसे ज्यादा बच्चे, बुजुर्ग, एड्स के मरीज एवं बीपी के मरीज प्रभावित होते हैं। इस अवसर पर एलडी जोशी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ने टीबी की विस्तृत जानकारी दी। लुहरी जलविद्युत परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक के साथ उनके अधिकारी कर्मचारी, मजदूर एवं स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।