सलमान अली और साज भट्ट के नाम रही लवी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या
गायक हनी नेगी ने पहाड़ी गानों से बांधा समा, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या इंडियन आइडल फेम सलमान अली और पार्श्व गायक साज भट्ट के नाम रही। रात 12:00 बजे तक आयोजित सांस्कृतिक संध्या में पहाड़ी गायक हनी नेगी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से भारतीय समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करने का मौका मिलता है। इस दौरान उन्होंने मेले की स्मारिका का भी अनावरण किया। उन्होंने मेले के आयोजन पर मेला समिति और क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। सांस्कृतिक संध्या का आगाज स्कूल के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके बाद लोक कलाकार सुनील शर्मा और हनी नेगी ने पहाड़ी गानों की झड़ी लगा दी। हनी नेगी ने पता भी नी लागदा... मेरी बेगमा... हामे लागा तेरे दांदो रा चाव... ठांडे पाणी रा नाला हो जैसे पहाड़ी गाने पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्टार नाइट में पार्श्व गायक साज भट्ट ने जुदा होके भी, तू मुझमें कहीं बाकि है... तू मेरा कोई न होके भी कुछ लागे.... तू जाने न जैसे गानों पर प्रस्तुतियां दी। इसके बाद इंडियन आइडल फेम सलमान अली ने तेरी दिवानी गाने से कार्यक्रम की शुरूआत की। अली ने गुलाबी आंखें... सानू इक पल चैन न आवे... तू घर आजा पर परदेसी.... दमादम मस्त कलंदर... कजरा मोहब्बत वाला... सौदा खरा खरा... तेरे जैसा यार कहां सहित अन्य गानों पर पेशकश दी। उन्होंने अपने गीतों से पंडाल में मौजूद दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। बीते तीन सांस्कृतिक संध्या की अपेक्षा अंतिम सांस्कृतिक संध्या में दर्शक बड़ी संख्या में पहुंचे और रात 12 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। इस मौके पर स्थानीय विधायक नंदलाल, एसडीएम निशांत तोमर, एएसपी शिमला सुनील नेगी, डीएसपी शिवानी महला, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, तहसीलदार ननखड़ी गुरमीत नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।