व्यापार मंडल नेरवा की वार्षिक बैठक और मिलन समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। व्यापार मंडल नेरवा की वार्षिक बैठक और मिलन समारोह व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव भिख्टा की अध्यक्षता में नेरवा में आयोजित किया गया। मिलन समारोह में नगर पंचायत नेरवा की अध्यक्ष बबिता तंगड़ाइक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान केक काटकर व्यापार मंडल का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर व्यापारियों का वार्षिक मिलन समारोह और भोज का आयोजन भी किया गया। बैठक में व्यापार मंडल की वार्षिक आय-व्यय का लेखाजोखा व्यापारियों के समक्ष रखा गया। इस मौके पर व्यापारियों की समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव भिख्टा ने बाहरी राज्यों के व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपना पंजीकरण नेरवा थाने करवाएं, जिन व्यापारियों ने बाहरी राज्यों और नेपाली मूल के कर्मचारी अपने संस्थानों में रखे हैं, उनकी भी थाने में एंट्री अवश्य करवाएं। उन्होंने कारोबारियों से चोरी और लूटपाट जैसी की घटनाओं से सुरक्षा के लिए व्यापारियों से अपने संस्थानों में अंदर और बाहर की तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आग्रह किया। इस मौके पर नेरवा में व्यापार के उत्थान और बाजार में साफ-सफाई को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक के बाद व्यापार मंडल की ओर से भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद व्यापारी नाटी पर जमकर झूमे।