संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस ने रोहड़ू के एक होटल में दबिश देकर चिट्टे का कारोबार कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी युवक होटल में कमरा लेकर चिट्टा बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रोहड़ू के एक होटल में सूरज राणा निवासी गांव मऊंडा डाकघर चिंवा, तहसील मोरी जिला उत्तरकांशी उत्तराखंड कमरा लेकर रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि युवक होटल के कमरा नंबर 202 में चिट्टा बेच रहा है। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पंहुची। इस दौरान होटल के कमरे में मौजूद युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों के सामने चिट्टे को बरामद कर युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद पूछताछ की जाएगी। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। पुलिस को चिट्टा तस्करों के कुछ सुराग मिलने की संभावना है। आरोपी युवक होटल में ठहर कर चिट्टा की सप्लाई कर रहा था।