तस्कर अंकेश के भाई संदीप भी 40 ग्राम चिट्टे के साथ साथ धरा, पुलिस ने एक साल में पकड़े 105 नशे के तस्कर : रविंद्प
पुलिस ने प्रेसवार्ता कर नशे की तस्करी को रोकने के लिए लोगों से मांगा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल राेहड़ू में पुलिस ने इस वर्ष नशे की तस्करी में संलिप्त 105 लोगों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। वहीं पुलिस ने राेहड़ू के समोली में एक नशा तस्कर अंकेश ठाकुर की 52 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की है। वहीं अंकेश के भाई संदीप को भी पुलिस ने शनिवार सुबह पटसारी में 40 ग्राम चिट्टा के साथ दबोचा है। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस लगातार नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों की धरपकड़ में लगी हुई है। इसी अभियान के तहत उपमंडल राेहड़ू में बीते एक वर्ष में 105 लोगों को पकड़ा गया है। इसमें 91 व्यक्ति हिमाचल के हैं जबकि सात नेपाली मूल और सात बाहरी राज्यों के निवासी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 306 ग्राम चिट्टा, 1.50 किलो चरस, 90 ग्राम अफीम, नशीली दवाओं की 540 गोलियां, नशीली दवाओं की 168 बोतलें पकड़ी हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को गुप्ता सूचना मिली कि समोली निवासी संदीप गाड़ी में अवैध सामान लेकर रोहड़ू की ओर आ रहा है। पुलिस ने पटसारी के समीप गाड़ी को रोककर तलाशी ली। इस दौरान 40 ग्राम चिट्टा संदीप से बरामद किया गया है। संदीप को गिरफ्तार कर गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। संदीप के दो अन्य भाई भी चिट्टे की सप्लाई में संलिप्त हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी रोहडू़ रविंद्र नेगी ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि नशे के बारे में जागरूक रहें। अगर किसी को कोई भी सूचना मिलती है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस सूचना देने वालों की जानकारी पूरी तरह से गुप्त रखेगी। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है।