संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले के निचार खंड के तहत जानी मार्ग पर शुक्रवार रात भूतपूर्व सैनिक की गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस थाना टापरी से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात पूर्व सैनिक मुकेश कुमार नेगी (46) पुत्र स्व. सुखी लाल निवासी गांव जानी, तहसील निचार, जिला किन्नौर रिकांगपिओ से अपने गांव जा रहे थे। वर्तमान समय में वह रिकांगपिओ में एचपीसीएल में बतौर सुरक्षा कर्मी कार्य कर रहे थे। शुक्रवार देर रात वह घर की ओर जा रहे थे, इसी बीच तेपानू नामक स्थान पर पैर फिसलने से वह सड़क से 25 फीट नीचे जा गिरे। हादसे में उनके मुंह, सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना जानी मार्ग पर कार्य कर रहे मजदूरों ने पुलिस थाना टापरी को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टापरी तेनसिंह ठाकुर, सुरक्षा इकाई प्रभारी रामकृष्ण नेग सहित पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी पहुंचाया। शनिवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। कार्यवाहक एसपी किन्नौर नवीन जाल्टा ने बताया कि पैर फिसलने से भूतपूर्व सैनिक की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर मृतक के बड़े भाई हिम्मत सिंह नेगी को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।