पाटबंगला मैदान में क्रिकेट महाकुंभ शुरू, जीत के लिए दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब रामपुर की ओर से आयोजित अविनाश नेगी मेमोरियल क्रिक्रेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को हुआ। पाटबंगला मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. प्रेम नेगी ने किया। प्रतियोगिता में शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिले की 32 टीमें दमखम दिखा रही हैं। इसके शुभारंभ अवसर पर ग्रीन वर्ल्ड रामपुर और करसोग इलेवन के बीच पहला मुकाबला खेला गया। करसोग ने पहले खेलते हुए निर्धारित 15 ओवर में 119 रन बनाए जबकि जवाबी पारी खेलनी उतरी रामपुर की टीम 95 रन पर ढेर हो गई। बीएससी ज्यूरी और फ्रेंड्स इलेवन नारकंडा के बीच दूसरा मैच खेला गया। इसमें ज्यूरी ने पहले खेलते हुए 95 रन बनाए। वहीं नारकंडा की टीम ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गौर हो कि बीते साल भारी बरसात में बालूगंज स्थित शिव मंदिर हादसे में जान गंवाने वालों में अविनाश भी थे। अविनाश की याद में ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। स्पर्धा की विजेता टीम को एक लाख नकद रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 50,000 और ट्रॉफी के इनाम से नवाजा जाएगा। शुभारंभ समारोह में अंकुश नेगी विशेष अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर क्लब के फाउंडर दुर्गा प्रसाद, अनिल नेगी, यशवंत शर्मा, सुनील चौहान, देवेंद्र, रविंद्र, विरेंद्र, विमल, डॉ. अक्षय, हर्ष कायथ, हैप्पी, दलीप और दिनेश मेहता सहित अन्य मौजूद रहे।