मुख्य संसदीय सचिव ने कृषि विज्ञान केंद्र रोहड़ू का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने वीरवार को कृषि विज्ञान केंद्र रोहड़ू का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी डा उषा शर्मा को आदेश जारी किए कि टीम के साथ बगीचों में असमय पतझड़ के कारण बागवानी को हुए नुकसान की जानकारी एकत्र कर आने वाले सीजन के लिए बागवानों को बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में हर साल 50 लाख पेटी से ज्यादा सेब की पैदावार होती है। वैज्ञानिकों और बागवानी विभाग के अधिकारियों को सरकार के चलाए गए कार्यक्रम कार्यालय से बगीचे के तहत सेब 2024 के लिए बागवानों को जानकारी दें। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रभारी डा उषा शर्मा ने बागवानों से आग्रह किया वर्ष 2024 के लिए सबसे पहले इस साल पते जो पतझड़ के कारण गिर गए हैं, उनको इकट्ठा कर गड्ढों में डालकर मिट्टी से ढक दें। खादों के प्रयोग से पहले मिट्टी विश्लेषण जरूर करें, जिसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र में उचित प्रावधान है। इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, कृषक सलाहकार समिति रोहड़ू के अध्यक्ष सौहान लाल चौहान, उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, कृषि विज्ञान केंद्र से सेवानिवृत्त डाॅ नरेंद्र कायथ, वनित मेहता प्रेस सचिव, राजकुमार उपप्रधान ग्राम पंचायत करालश, डाॅ कुशाल सिंह मेहता तकनीकी विशेषज्ञ मुख्य संसदीय सचिव हिमाचल प्रदेश, डा कपिल देव मेहता उद्यान विकास अधिकारी रोहडू और हितेंद्र शर्मा खंड विकास अधिकारी रोहड़ू उपस्थित रहे।