कहा, भाजपा सरकार मनरेगा के बजट में भारी कटौती कर विकास को रोकने की कर रही कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देश और प्रदेश के विकास में कांग्रेस का अहम रोल है। कांग्रेस ने देश और प्रदेश को विकास के जिस मुकाम तक पहुंचाया है, उसे कभी भी नजरंदाज नहीं किया जा सकता है। देश में मनरेगा जैसा कानून ग्रामीण इलाकों में खास कर महिलाओं को उनके गांव में ही रोजगार मुहैया करवाने में मील का पत्थर साबित हुआ है। यह बात रामपुर में पंचायतीराज प्रतिनिधियों की बैठक में हिमाचल प्रदेश वित्तीय आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते वर्ष बारिश से हुई भयानक तबाही के बावजूद सड़कों को सीमित समय में खोला गया और सेब को मंडियों तक पहुंचाने में योगदान दिया गया। मुख्य मार्गों पर कुछ पुलों को कुछ घंटों के भीतर ही सुचारू करवाया गया। इसमें विक्रमादित्य सिंह ने बेहतरीन कार्य किया है। पंचायत परिषद रामपुर क्षेत्र के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि देश में 1994 में पंचायती राज संस्थानों को वित्तीय व प्रशासनिक शक्तियां देकर त्रिस्तरीय पंचायतीराज प्रणाली को सशक्त किया और केंद्र की भाजपा सरकार ने मनरेगा के बजट में भारी कटौती कर ग्रामीण इलाकों के विकास को रोकने की कोशिश करने में लगी हुई है। बैठक में पंचायत प्रतिनिधि परिषद ने मंडी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को भारी मतों से विजयी बनाकर लोकसभा भेजने के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर बल दिया।