सीटू ने अधिवेशन में लोकसभा चुनाव के लिए जारी किया मजदूरों का घोषणापत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सीटू का अधिवेशन किसान मजदूर भवन रामपुर में शनिवार को संपन्न हुआ। लोकसभा चुनावों को लेकर सीटू के लक्ष्य को मजदूरों तक पहुंचाने और मोदी हटाओ, देश बचाओ अभियान को मजबूत करने के लिए अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस दौरान सीटू ने लोस चुनाव को लेकर मजदूरों का घोषणापत्र भी जारी किया। अधिवेशन का उद्घाटन सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने किया, जबकि सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप डोगरा ने अधिवेशन का समापन किया। उन्होंने मजदूरों से मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने व भाजपा को हराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जबसे पिछले दस साल से मोदी सरकार सत्ता में आई है, तबसे वह लगातार मजदूरों के अधिकारों पर हमले कर रही हैं। मोदी सरकार ने 44 श्रम कानूनों को समाप्त करके इन्हें मजदूर विरोधी व पूंजीपति परस्त चार लेबर कोड में बदल दिया है। ये लेबर कोड कॉरपोरेट जगत और उद्योगपतियों को ही फायदा पहुंचाते हैं। केंद्र सरकार की कारगुजारियों के चलते देश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है और महंगाई आसमान छू रही है। यहां तक कि गरीब लोगों के बच्चों को सेना के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के रास्ते को बंद करने के लिए अग्निवीर योजना को लाकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। देश की प्राकृतिक व सार्वजनिक संसाधनों को मोदी सरकार की ओर से चंद कॉरपोरेट मित्रों के हवाले किया जा रहा है। लोगों के रोजमर्रा के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मोदी सरकार धार्मिक मसलों को ढाल बना रही है। जहां एक तरफ लगातार जनता पर जीएसटी जैसे टैक्स थोपे गए हैं, वहीं पर कॉरपोरेट घरानों को लाखों करोड़ों रुपयों के टैक्स और कर्जा माफी दी गई है। अधिवेशन में एसजेवीएन 1,500 मेगावाट, 412 मेगावाट, लुहरी परियोजना, अडानी एग्रीफ्रेश, नगर परिषद रामपुर, एसटीपी, रेडीफड़ी, खनेरी, निरमंड अस्पताल, मनरेगा, निर्माण, मिड डे मील व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मौजूदगी दर्ज करवाई। इस मौके पर नील दत्त शर्मा, तिलक, सुरम लाल बांशटू, गुरदास, कामराज, कपिल, राजपाल, चंद्रपाल, परसराम, दिनेश मेहता, देवेंद्र, ललिता, मंजू, आशा, नीमू, सुनामणी, राजेंद्र जिष्टू, सुनील जिष्टू, हेमराज, सुरेश नेगी, राम दास, सन्नी, पवन और किरण सहित अन्य मौजूद रहे।