दस किलोमीटर मार्ग पर खतरे के साये में सफर कर रहे ग्रामीण, प्रशासन और विभाग से रिटेनिंग वॉल लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के तहत वांगतू-पानवी मार्ग की हालत दयनीय बनी हुई है। बीते बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिसे अभी तक लोक निर्माण विभाग ने नहीं हटाया है। इस वजह से कई स्थानों पर मार्ग काफी तंग हो गया है। इससे मार्ग पर हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। गौर हो कि पानवी पंचायत को जोड़ने वाली वांगतू-पानवी मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत किया गया है। छह करोड़ की लागत से वर्ष 2017 में सड़क का निर्माण किया गया और वर्ष 2020 से 2023 तक सड़क का कायाकल्प किया गया लेकिन बाते साल भारी बरसात के कारण 10 किलोमीटर मार्ग पर जगह-जगह भारी भूस्खलन हुआ है। बुरचा के पास भूस्खलन होने से चार स्थानों पर मार्ग काफी तंग हो गया है। वहीं जकटयारिंग के पास भी दो स्थानों पर मलबा गिरने से यहां पर वाहनों को गुजरने में दिक्कतें आ रही हैं। इस वजह से रोजाना लोगों को खतरे के साये में सफर करना पड़ रहा है। उपप्रधान पानवी बुद्धा राम नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा सीता देवी नेगी, पूर्व प्रधान पानवी राजकुमारी नेगी, संदीप नेगी, यशवंत नेगी, सूर्यकांत नेगी, अश्वनी नेगी, बलवंत नेगी और चंद्रसिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभग से संकीर्ण मार्ग पर रिटेनिंग वॉल लगाने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग भावानगर के सहायक अभियंता प्रमोद नेगी ने कहा कि पहले कई स्थानों पर रिटेनिंग वॉल लगाई गई थी। बरसात के कारण हुए भूस्खलन वाले सभी स्थानों पर रिटेनिंग वॉल लगाई जाएगी। इसका एस्टीमेट भी तैयार किया गया है। आचार संहिता के कारण टेंडर प्रक्रिया अभी पूरी नहीं की जा सकती है। आचार संहिता हटने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।