चोरी के मामले में चार नाबालिग शामिल, दो से पांच हजार में बेच दिए थे लैपटॉप
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने भवन के कमरे से चोरी हुए 27 लैपटॉप में 24 लैपटॉप बरामद कर लिए हैं। इस प्रकरण में चार नाबालिग स्कूल के विद्यार्थी संलिप्त हैं। जांच में पता चला है कि नाबालिगों ने लेपटॉप पांच हजार तो किसी को दो हजार में बेच दिए थे। पुलिस अन्य लैपटॉप को बरामद करने में जुटी हुई है। गौरतलब है कि बीते दिन उपमंडल चौपाल के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने भवन के कमरे की खिड़की तोड़कर लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे उड़ा ले गए थे। एक लैपटॉप की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू की और चोरी हुए लैपटॉप बरामद कर लिए हैं। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने कहा कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गहनता से जांच आरंभ कर दी थी। चोरी के प्रकरण में चार नाबालिग बच्चे संलिप्त हैं। उनसे पूछताछ के बाद 24 लेपटॉप बरामद कर लिए गए हैं।