संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सहायक रिटर्निंग आफिसर एवं एसडीएम हेमचंद वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें निर्वाचन कानूनगो प्रेरणा मेहता ने निर्वाचन की आरंभिक तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चौपाल चुनाव क्षेत्र में मतदाताओं की सुविधा के लिए छह नए मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। पहले मतदान केंद्र की संख्या 146 थी, जो अब 152 हो गई है। विस क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 82,532 (पुरुष 42,539 एवं महिला 39,993) पंजीकृत है। एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि 85 वर्ष और इससे अधिक आयु के मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा मिलेगी। इस कार्य को करने के लिए 10 मतदान दलों का गठन किया गया है।