नेरवा (रोहडू)। पिछले कई दिनों से सोमवार तक बारिश के बीच चूड़धार यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के करीब डेढ़ दर्जन वाहन चूड़धार के बेस मंढाह लाणी में फंस गए हैं। सरांह-पुलबाहल मार्ग के जगह-जगह बंद होने के चलते श्रद्धालु वाहनों को मंढाह में ही छोड़कर घरों के लिए निकल गए हैं। भारी बारिश के बावजूद शनिवार और रविवार को हजारों श्रद्धालु धार्मिक पर्यटन स्थल चूड़धार पहुंचे थे।
चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबू राम शर्मा ने बताया कि इस दौरान साढ़े तीन हजार से अधिक श्रद्धालु चूड़धार पहुंचे। वहीं रविवार को करीब दो सौ, सोमवार को पांच दर्जन श्रद्धालु भारी बारिश के बीच चूड़धार पहुंचे। मंगलवार से चूड़धार यात्रा पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मौसम के मिजाज को देखते हुए शनिवार को चूड़धार गए श्रद्धालुओं में कई लोग तो उसी दिन लौट गए थे,जबकि कुछ लोग रविवार को लौटे। छोटे बच्चों और महिलाओं के साथ चूड़धार पहुंचे कई श्रद्धालु मंगलवार को बारिश थमने के बाद ही घरों को लौट पाए। रविवार और सोमवार को भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का चूड़धार पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
इस दौरान चूड़ेश्वर सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के रहने और खाने पीने का पूरा इंतजाम किया गया था। इससे चूड़धार में फंसे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। समिति श्रद्धालुओं की छोटी-छोटी जरूरतों का पूरा ख्याल रख रही है। इसके अलावा चूड़धार स्थित शिरगुल मंदिर के आश्रम में भी लोगों के खाने पीने और रहने की उचित व्यवस्था की गई है। मंढाह में फंसे वाहन मालिकों ने प्रशासन से मांग की कि सरांह से मंढाह तक मार्ग को शीघ्र बहाल किया जाए, जिससे यहां फंसे वाहनों को निकाला जा सके।