शडी मतियाना में तीन दिवसीय बिशु मेला संपन्न, माता महेश्वरी ने लोगों को दिया सुख- समृद्धि का आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। जिला शिमला की जेठी देवठी माता महेश्वरी मंदिर शडी मतियाना में परंपरागत तीन दिवसीय बिशु मेले का रविवार को विधिवत समापन हुआ। बिशु मेले में तहसील ठियोग की चार बड़ी देवठियों के देवलुओं ने भाग लेकर प्राचीन देव परंपराओं का निर्वहन किया। बिशु मेले में पहले दिन चिखड़ेश्वर देवता चिखड़ और कनलेश्वर देवता घनौरी के देवलुओं ने और दूसरे दिन डोम देवता गुठान और कालू नाग देवता जदून के देवलुओं ने शिरकत की। मेले में विभिन्न देवठियों से आए देवलुओं ने चोल्टू नृत्य पेश कर खूब समां बांधा। इस दौरान रात को भी नाटियों का दौर चलता रहा। बिशु मेले के अंतिम दिन माता महेश्वरी ने अपने गुरु के माध्यम से कार कारिंदो को देव नीति के निर्वहन की नसीहत दी और क्षेत्र वासियों और दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान किया। बताते चलें कि बिशु मेला प्राचीन देव परंपरा है और ऊपरी शिमला की विभिन्न देवठियों में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। वैशाख मास की संक्रांति से जिला शिमला की विभिन्न देवठियों में बिशु मेले आरंभ होते हैं और अलग-अलग तिथियां में विभिन्न जगहों पर मनाए जाते हैं। जिला शिमला की माता माहेश्वरी मंदिर शडी मतियाना में भी हर वर्ष बिशु मेले का आयोजन होता है। यह हिमाचल की एकमात्र ऐसी बड़ी देवठी है, जहां पर आज भी प्राचीन परंपरा अनुसार क्षेत्र की चार देवठियों के देवलू भाग लेते हैं। बिशु मेले में देवलू देवी-देवता देव छड़ियों के साथ आते हैं और परंपरागत देव मिलन की रस्मों को पूरा किया जाता है। यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। देव छड़ियों के साथ उस क्षेत्र के सभी परगणावासी भी आते हैं। इसके अलावा देवलुओं की ओर से लोगो के मनोरंजन के लिए प्राचीन चोल्टू देव नृत्य का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर माता महेश्वरी के देवा नारायण दत्त शर्मा, पुजारी केशव राम शर्मा, ऊदीराम शर्मा, नारायण दत्त, ठगड़े मदन चौहान, नवीन ठाकुर, राजीव ठाकुर, भंडारी कृष्ण लाल, दुर्गा सिंह ठाकुर, बाहरी देवठियों से आए देव कारदार, कमेटी सदस्य और मतियाना परगना सहित बाहरी क्षेत्र से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।