रोजगार, खेल सुविधाओं में हो सुधार, महिलाओं को 15 सौ जल्द जारी करे सरकार
मुख्यमंत्री सुक्खू के बजट से रामपुर के युवा और महिलाओं ने लगाई उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश की सुखविंद्र सिंह की सरकार का दूसरा बजट 17 फरवरी को पेश होगा। इस बजट से जहां प्रदेश के विभिन्न तबकों को मांगें पूरी होने की उम्मीद है, वहीं प्रदेश के युवा और महिलाएं भी सरकार की गारंटियों के पूरा होने की आस लगाए हुए हैं। रामपुर क्षेत्र के युवा सरकार से रोजगार, खेल सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की उम्मीद कर रहे हैं। महिलाओं की बात करें तो उन्हें सरकार से 15,00 रुपये प्रति मिलने की गारंटी पूरा की आस है। इसके अलावा महिलाएं रोजमर्रा के उपभोग की वस्तुओं के दामों पर नियंत्रण लगाने की उम्मीद लगाए हुए हैं। गौर हो कि प्रदेश में बेरोजगारों युवाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है जबकि युवाओं के लिए रोजगार के नाम पर सरकार ने नाममात्र के अवसर ही उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। लगातार बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवा पलायन करने को मजबूर हैं। ग्रामीण इलाकों में न तो बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं हैं और न ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के कोई प्रयास हो रहे हैं। रामपुर क्षेत्र के युवा खेमराज का कहना है कि प्रदेश में बेरोजगारों युवाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में खेल सुविधाएं, मैदान और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बेहतर बजट पेश करेगी। महिला रजनी गौतम ने बताया कि सरकार ने महिलाओं को 15,00 रुपये देने की गारंटी दी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बजट में महिलाओं को सरकार गारंटी पूरा कर तोहफा देगी। साथ ही उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू करेगी। बिमला भारद्वाज ने बताया कि सरकार गोबर खरीद के वादे को जल्द धरातल पर लाए, जिससे पशु पालकों की आमदनी का स्रोत बढ़ सके। उन्होंने सरकार से महंगाई पर अंकुश लगाने और दूध के दामों में बढ़ोतरी करने की मांग की।