कुमारसैन क्षेत्र में भालू ने मचाया आतंक, वन विभाग से जल्द निजात दिलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन उपमंडल के अंतर्गत डीम पंचायत में भालू ने आतंक मचा कर रखा है। इससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। हाल ही में भालू ने कई बागवानों के सेब बगीचों में रखे गए मधुमक्खी बॉक्स को नुकसान पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के बीच 17 मधुमक्खी बॉक्स को नुकसान पहुंचाया है। बागवानों का कहना है कि अगर समय पर भालू को नहीं पकड़ा गया था तो भालू अन्य बगीचों में नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने वन विभाग से समय रहते भालू की आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों ने बताया कि पिछले दिनों 11 और बीते रात सोमवार को भालू ने 6 मधुमक्खी बॉक्स को नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय निवासी रूचि सूद ने बताया कि भालुओं के विचरण से कभी भी अप्रिय स्थिति और हमले की आशंका बनी हुई है। समय पर भालू पकड़ा नहीं जाता है, सेब की फसल और फलदार पौधों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि इस बारे में जल्द एसडीएम कुमारसैन को ज्ञापन सौंपा जाएगा ।