घायल को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला किया रेफर, अन्य एक व्यक्ति ने भागकर बचाई जान
भालू के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के खोलीघाट में वीरवार सुबह भालू ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया। भालू ने व्यक्ति को सिर, मुंह और बाजू से बुरी तरह जख्मी कर लहूलुहान कर दियहहै। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। भालू के हमले के बाद घायल को प्राथमिक उपचार के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि इंद्र सिंह और चिरंजी लाल सुबह अपने काम से पटवारी के पास गए थे। यहां वापिस आते समय जंगल के साथ लगते रास्ते पर भालू ने हमला बोला। इस हमले में इंद्र सिंह पुत्र कमलीराम निवासी गांव टपरोग, डाकघर खुन्नी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला बुरी तरह से जख्मी हो गया है। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने भागकर जान बचाई। स्थानीय लोगों ने इंद्र सिंह को ठियोग अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद इंद्र सिंह को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। उपप्रधान खोलीघाट पंचायत टेक चंद राजटा ने बताया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी क्षेत्र में हो चुकी हैं। प्रशासन और वन विभाग इस ओर ध्यान दे। भालू के हमले से क्षेत्र के ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से यहां पिंजरा स्थापित करने और समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। एआरओ ननखड़ी राजेश्वर कल्याण ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना किया गा है।