बुशहर बीएड कॉलेज नोगली में वो दिन योजना के बारे में लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बाल विकास परियोजना रामपुर ने वो दिन योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी शिमला की अध्यक्षता में बुशहर बीएड कॉलेज नोगली के प्रशिक्षुओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसका विषय मासिक धर्म एवं स्वच्छता और अनीमिया रहा। नारा लेखन प्रतियोगिता में मुस्कान प्रथम और कुमारी अंजू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में मोहित ने प्रथम और रजनी ने द्वितीय स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग से मीनाक्षी और चंद्रिका शर्मा ने मासिक धर्म के दौरान किशोरियों के स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार और मासिक धर्म के बारे में मिथक और भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महावारी के दौरान सफाई एवं स्वच्छता के लिए रोज स्नान करें, नैपकिन लगाने से पहले और बाद में हाथ धोएं और करीब छह घंटे में पैड को बदलें। जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पाल ने विभाग द्वारा बेटी की सुरक्षा के लिए समाज एवं परिवार में नैतिक एवं आध्यात्मिक जागृति लाने, बालिकाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने के दृष्टिगत बालिकाओं में कम वजन और अनीमिया की समस्या को दूर करने, आंगनबाड़ी केंद्रों और पाठशालाओं की बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर शशि ठाकुर ने वो दिन योजना कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। उन्होंने वो दिन योजना, किशोरियों, गर्भवती धात्री, सुपोषण क्या है और क्यों आवश्यक है और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम से संबंधित विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सशक्त महिला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बाल बालिका सुरक्षा योजना के बारे में भी बताया। बीएड कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. तिलक राज ने बाल विकास परियोजना रामपुर द्वारा आयोजित किए गए शिविर के लिए आभार जताया। इस मौके पर संस्थान के अध्यापक, पर्यवेक्षक, ब्लाक कोऑर्डिनेटर चंद्र शर्मा, सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।