सेब की फसल के लिए आवश्यक चिलिंग आवर्स पूरे होने से अच्छी फसल की जगी उम्मीद
बगीचों में तौलिये, खाद डालने और नए पौधे भी रोप सकेंगे बागवान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर/दलाश। दो दिनों से हो रही बर्फबारी और बारिश के बाद किसान-बागवानों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से चल रहे सूखे से बागवानों को निजात मिल गई है। ताजा हिमपात और बारिश होने से हजारों किसान-बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। बागवानों को अब आगामी सीजन में सेब सहित गुठलीदार फलों के अच्छे उत्पादन की उम्मीद भी जग गई है। गौर हो कि बीते चार तीन से बर्फबारी और बारिश न होने से किसान-बागवानों के माथे पर चिंता की लकीरें छा गई थी। सूखे के कारण करोड़ों के सेब कारोबार पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। क्षेत्र की आर्थिकी सेब के उत्पादन पर निर्भर करती है। सेब के लिए सर्दियों के मौसम में बारिश-बर्फबारी होना बहुत जरूरी है। ऐसे में ताजा बर्फबारी और बारिश से जहां सेब की फसल के लिए जरूरी चिलिंग आवर्स पूरे होंगे, वहीं बागवान बगीचों के काम जैसे तौलिये, गड्ढे तैयार करना, नए पौधे रोपना और खाद डालने के काम निपटा पाएंगे। दलाश आसपास के क्षेत्रों में वीरवार को रुक रुककर बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी रहा। ऐसे में अब जमीन में नमी आने के कारण किसान-बागवानों को बगीचे के कार्य करना आसान हो जाएगा। क्षेत्र के बागवान विनोद शर्मा, जिया लाल वर्मा, सुरेश, देवराज चौहान, सुरजीत और ध्यान वर्मा सहित अन्य बागवानों ने कहा कि ताजा हिमपात और बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। सेब सहित गुठलीदार फलों के लिए यह संजीवनी का कार्य करेगी, जिससे आगामी सीजन में अच्छी फसलों की उम्मीद है।