महाविद्यालय के छात्र कर्ण शर्मा को मिला श्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय आनी ने एक बार फिर इंटर कॉलेज युवा महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। राजकीय महाविद्यालय सीमा, रोहड़ू में आयोजित ग्रुप-4 वन एक्ट प्ले में महाविद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। गौर हो कि बीते दिनों ही आनी कॉलेज की टीम युवा महोत्सव ग्रुप-2 फोक ऑर्केस्ट्रा में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय की टीम ने पहली बार युवा महोत्सव ग्रुप-4 में भाग लिया है। इसमें वन एक्ट प्ले में महाविद्यालय की टीम ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। डॉ. संगीता नेगी, प्रो. विजय और प्रो. पम्पी घामटा के नेतृत्व में महाविद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें छात्रों ने चर्चित लेखक एसआर हरनोट की कहानी नदी गायब है, का मंचन करते हुए यह पुरस्कार अपने नाम किया। डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के लिए दोहरी प्रसन्नता का विषय यह है कि इस बार युवा महोत्सव ग्रुप-4 में आनी महाविद्यालय के ही छात्र कर्ण शर्मा को श्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड भी मिला है। उन्होंने विजेता टीम और महाविद्यालय के कर्मठ शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आनी महाविद्यालय में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बेहतर मंच देकर इन प्रतिभाओं को तराशने की आवश्यकता है। इसमें महाविद्यालय के कर्मठ शिक्षक पूरा सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने निर्देशक चेतन वर्मा और लोकेश लक्की का भी धन्यवाद किया। इनके बेहतर निर्देशन में छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय की ग्रुप-4 टीम में महाविद्यालय के कर्ण शर्मा, कार्तिक, अंजली, गगनेश, राजीव, शिवांश, पूनम, सपना, राहुल ने भाग लिया।