संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहडू़ू)। भारतीय मजदूर संघ नेरवा और चौपाल मंडल की बैठक लोक निर्माण विभाग की विश्राम गृह नेरवा में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के मंडल अध्यक्ष राय सिंह हिमटा ने की। भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष हेतराम शर्मा ने बैठक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में संघ की मजबूती को लेकर रणनीति तैयार की गई और कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की और प्रस्ताव पारित कर उनकी मांगों से संबंधित मांगपत्र सरकार को सौंपा। भामसं ने सरकार से मांग की कि मिड-डे मील वर्कर्स को दस के बजाय 12 महीने का वेतनमान दिया जाए, स्कूलों में 25 छात्रों की शर्त को वापस लेने, मल्टी टास्क वर्कर्स और मिड-डे मील वर्कर्स को आकस्मिक अवकाश का प्रावधान करने और लोक निर्माण विभाग में कार्यरत मल्टी टास्क वर्कर्स को आठ किलोमीटर से अधिक दूर न भेजने की मांग उठाई। इसके अलावा संघ ने आंगनबाड़ी वर्कर्स को यात्रा भत्ता देने, तीस किलोमीटर की शर्त को समाप्त करने और आंगनबाड़ी वर्कर्स को मासिक वेतन एकमुश्त प्रतिमाह प्रदान देने की मांग की। संघ ने सरकार से मांग की कि जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों को वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर पद्दोन्नति प्रदान की जाए। इस अवसर पर जलशक्ति कुपवी के अध्यक्ष केदार सिंह चौहान, मिडडे मील अध्यक्ष दिलाराम, आंगनबाड़ी अध्यक्ष ऊषा राठौर, मल्टी टेस्ट यूनियन अध्यक्ष आशीष ठाकुर सहित भारतीय मजदूर संघ नेरवा और चौपाल के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे ।