30 दिन में योजना को लेकर कोई आपेक्ष और सुझाव दें सकते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण सराहन के लिए विकास योजना साल 2015-41 को प्रकाशित किया गया है। अगर योजना को लेकर कोई आपेक्ष और सुझाव हो तो 30 दिन के भीतर लिखित में एसडीएम और अध्यक्ष विशेष क्षेत्र सराहन को लोग दे सकते हैं। एसडीएम रामपुर एवं अध्यक्ष विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण सराहन निशांत तोमर ने प्रेस को जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकास योजना को किसी भी कार्यालय दिवस के समय उपमंडलाधिकारी नागरिक रामपुर बुशहर और अध्यक्ष विशेष क्षेत्र विकास सराहन, सहायक नगर योजनाकार उपमंडल नगर ग्राम योजना रामपुर एवं सदस्य सचिव विशेष क्षेत्र विकास सराहन, सराहन पंचायत प्रधान और बोंडा पंचायत, तहसील सराहन में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। इसमें भू-उपयोग नक्शे, विकास योजना के उपबंधों को स्पष्ट करते हुए नक्शों और चार्टाों द्वारा समर्थित वर्णनात्मक रिपोर्ट, लोक प्रयोजनों के लिए भू-अर्जन की कीमत का अनुमानित प्राक्कलन और विकास योजना के कार्यान्वयन में शामिल सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए भूमि अधिग्रहण के प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस विकास योजना को लेकर अगर कोई आपेक्ष या सुझाव है तो इस नोटिस के राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से तीस दिन के भीतर लिखित में उपमंडल अधिकारी नागरिक एवं अध्यक्ष विशेष क्षेत्र सराहन या सहायक नगर योजनाकार, उपमंडल नगर एवं ग्राम योजना कार्यालय या सदस्य सचिव विशेष क्षेत्र सराहन को भेज सकते हैं।