श्रीराम के भजनों से गूंज उठेगा आनी कस्बा, आनी मैदान से निकाली जाएगी शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की खुशी में आनी विस क्षेत्र के मंदिरों में भव्य धार्मिक आयोजनों और कीर्तन भजन का आयोजन शुरू हो चुका है। आनी में भगवान रामलला की अचल मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समिति बनाई गई है, जो 22 जनवरी के दिन पूरे विधि विधानों से पूजा अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के प्रभारी श्यामानंद ने कहा कि इस मौके पर भव्य आयोजन का प्रारूप तैयार किया गया है। इसके लिए समस्त सनातनी हर्षोल्लास के साथ तैयारियों में जुटे हैं। वहीं आनी बाजार की महिलाओं ने दुर्गा माता मंदिर में श्रीराम भजन कीर्तन कार्यक्रम शुरु किया। यहां 22 जनवरी तक हर दिन रामभजनों का गुणगान होगा। भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर आनी के सभी देवी- देवताओं के मंदिर में भी श्रीराम कीर्तन शुरु कर दिया गया है। व्यापार मंडल एवं दुर्गा माता मंदिर की महिलाओं ने दुर्गा माता मंदिर आनी में राम पूजन भजन संध्या कार्यक्रम शुरु कर दिया है। शशि मल्होत्रा ने बताया की आनी व्यापार मंडल और सभी महिलाएं धार्मिक आयोजन में बढ़चढ़ कर भाग ले रही हैं। दुर्गा माता मंदिर में राम भजनों से हर दिन कार्यक्रम होंगे। 22 जनवरी सोमवार को देश के इस पर्व पर आनी मेला मैदान से स्थानीय स्कूलों, श्री रामलीला नाटक, हिम संस्कृति संस्था, सरस्वती विद्या मंदिर, हिमालयन मॉडल स्कूल सहित दर्जनों संस्थाएं सुंदर झांकियां निकालेंगे। कार्यक्रम संचालक शिक्षक श्यामानंद ने बताया की भव्य आयोजन के लिए व्यापार मंडल सहित आम जनता ने भरपूर सहयोग दिया है। आनी क्षेत्र के सभी लोग कार्यक्रम में सादर आमंत्रित है। कार्यक्रम के अनुसार दुर्गा माता मंदिर मेला मैदान से भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल होंगे।