पंचायतों, कारोबारी और मेला कमेटी को बेहतर तालमेल से मेला संपन्न करवाने का किया आह्वान
स्थानीय देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजने और धनराशि को एकत्रित करने पर भी किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। एसडीएम आनी नरेश वर्मा ने स्थानीय पंचायतों, कारोबारियों और मेला कमेटी से आह्वान किया कि जिला स्तरीय आनी मेले को बेहतर तालमेल के साथ संपन्न करवाएं। आनी के पंचायत समिति हॉल में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए। उन्होंने मेले से संबंधित कमेटियों के तुरंत गठन के लिए कहा। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक आनी मेले से उपमंडल के लोगों के साथ लगते दूसरे जिले के लोगों का जुड़ाव है। यह मेला आस्था का केंद्र भी हैं। इसके चलते मेले को संपन्न करवाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायतों के प्रतिनिधियों का समन्वय जरूरी है, क्योंकि यह मेला स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है। आठ से 11 मई तक जिलास्तरीय आनी मेले का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम नरेश वर्मा ने मेले के दौरान चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन न हो, इसको सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मेले के दौरान कानून व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था के तहत अतिरिक्त बसें चलाने, शौचालयों की उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने धनराशि एकत्रित करने के लिए कमेटी का गठन करने और मेला मैदान में प्लॉट आवंटन के लिए भी उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने मेले के आयोजन को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक दलों को आमंत्रण, कलाकारों के चयन को लेकर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के लिए कहा। बैठक में देवताओं को निमंत्रण देने पर भी मंथन किया गया। इसमें नजराना राशि को लेकर देवी-देवताओं के कारदारों के साथ उचित समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। इस मौके पर बीडीओ आनी अमनदीप सिंह, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं आनी पंचायत प्रधान लाल सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।